सैदापुर में ब्रह्मदेव बाबा का दसवां भव्य भंडारा कल , श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद

लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के सैदापुर गांव में स्थित प्राचीन ब्रह्मदेव बाबा देव स्थल पर शनिवार को दसवें विशाल भंडारे और कीर्तन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भक्त ब्रह्मदेव बाबा के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे।

आयोजन से जुड़े अनुपम मिश्रा और विनीत मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन की शुरुआत सुंदरकांड पाठ और हवन-पूजन से होगी। इसके बाद कन्याओं को प्रसाद खिलाकर भंडारे का शुभारंभ किया जाएगा।

भंडारे के साथ-साथ संकीर्तन का भी आयोजन किया गया है, जिसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण रहेगा। आयोजन को लेकर सैदापुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।