14 से 19 दिसंबर चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 7 लाख बच्चों को दवा देने की तैयारी

लखनऊ। दिसंबर महीने में बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग बड़ा अभियान चला रहा है। टीका उत्सव पहले से जारी है और अब 14 से 19 दिसंबर तक पल्स पोलियो अभियान भी चलेगा। इसके लिए जिले भर में स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है और 7.03 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। कोल्ड चेन हैंडलर्स का दो दिवसीय प्रशिक्षण भी आयोजित हुआ, जिसमें जनपद के 38 पुराने और 6 नए कोल्ड चेन प्वाइंट के कुल 88 कोल्ड चेन हैंडलर्स ने प्रतिभाग किया।

CMO ने दी जानकारी

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह ने बताया कि टीका उत्सव और पोलियो अभियान को लेकर जिला एवं ब्लॉक स्तर पर लगातार अभिमुखीकरण कार्यक्रम चल रहे हैं। प्रशिक्षण में वैक्सीन के रखरखाव, तापमान नियंत्रण, उपकरणों की देखरेख और समय पर कोल्ड चेन प्वाइंट तक सुरक्षित वैक्सीन पहुंचाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 7.03 लाख बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने का लक्ष्य तय किया गया है।

2783 बूथ, 2204 टीमें तैयार 

पल्स पोलियो अभियान 14 से 19 दिसंबर के बीच जिले में संचालित होगा।

14 दिसंबर को सरकारी व सहायता प्राप्त विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और टैम्पो स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर 2783 बूथ स्थापित किए जाएंगे।

15 से 19 दिसंबर तक स्वास्थ्य विभाग की 2204 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी।

इसके अतिरिक्त 136 मोबाइल टीमें और 226 ट्रांजिट टीमें भी अभियान में सक्रिय रहेंगी।

जो बच्चे 14 से 19 दिसंबर के बीच किसी कारण दवा नहीं पी सकेंगे, उन्हें 22 दिसंबर को मॉप-अप राउंड के माध्यम से कवर किया जाएगा।

घुमंतू व प्रवासी परिवार भी कवर होंगे 

अभियान के दौरान ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले मज़दूरों के बच्चों, घुमंतू परिवारों और निर्माण कार्य से जुड़े परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।सीएमओ ने कहा कि अभियान को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और स्वास्थ्य विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है।