लखनऊ। निगोहां पुलिस ने बुधवार को सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में समझाया और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए आवश्यक दिशा–निर्देश जारी किए। पुलिस ने पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी उच्च गुणवत्ता का हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की सलाह दी।
अभियान में पुलिस ने कुल 100 वाहनों की चेकिंग, 6 वाहनों को सीज तथा 25 वाहन चालकों के चालान किए। नियमों का पालन न करने वालों को मौके पर चेतावनी भी दी गई।
अभियान का नेतृत्व कर रहे कार्यवाहक प्रभारी अनूप तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का सबसे बड़ा कारण सिर पर लगने वाली गंभीर चोटें हैं। उन्होंने कहा कि लोग अब भी हेलमेट पहनने को लेकर लापरवाही बरतते हैं, जबकि यह जीवन बचाने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।

पुलिस टीम ने वाहन चालकों से अपील की कि वे
यातायात नियमों का पालन करें,
गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें,
हर स्थिति में हेलमेट का प्रयोग करें,
नाबालिगों को दोपहिया या चारपहिया वाहन न सौंपें,
अधिकारियों ने कहा कि वाहन चलाना सीखने के बाद ही बच्चों को लाइसेंस दिलाकर वाहन की अनुमति दी जानी चाहिए। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने निगोहां पुलिस की इस पहल की सराहना की और इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। पुलिस ने कहा कि आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोग सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें।