लखनऊ। नगराम क्षेत्र के बहरौली स्थित शासकीय अनुदानित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी व पतंजलि योग समिति गंगागंज, लखनऊ के अध्यक्ष नागेश कुमार वर्मा , विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने मेधावियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यालय के शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्रों बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन मेधावियों से प्रेरणा लेने की बात कही।
मुख्य अतिथि नागेश कुमार वर्मा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
परिणामों में चमके छात्र-छात्राएं
इंटरमीडिएट परीक्षा में सुहानी ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। दिव्या (74.8%) ने द्वितीय, पल्लवी (70.8%) ने तृतीय, नैंसी वर्मा (69.2%) ने चतुर्थ तथा भूमिका मिश्रा ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
वहीं हाईस्कूल परीक्षा में मोहम्मद अनस ने 83.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। अनीता कुमारी (82.33%) ने द्वितीय, आनंदी (80%) ने तृतीय और आंचल (79.16%) ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
सम्मानित छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 4 से 5 घंटे नियमित पढ़ाई करते थे और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करते हुए कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देते थे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी मेधावियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।