लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के पुरसेनी गांव स्थित एक फार्म हाउस में चोरी-छिपे प्रतिबंधित हरे पेड़ों की अवैध कटान किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो फार्म हाउस के कर्मचारियों ने गेट खोलने से इनकार कर दिया।
पुलिस बल के पहुंचने के बाद गेट खुलवाकर जब वन विभाग की टीम परिसर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां करीब 19 हरे पेड़ों के कटे हुए ठूंठ मिले, जिससे बड़े पैमाने पर अवैध कटान की पुष्टि हुई।
बीट प्रभारी साजन कुमार ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि संबंधित फार्म हाउस गोगा सरदार का बताया जा रहा है। जांच में अवैध कटान में इशरत निवासी पुरसेनी, बलबीर निवासी माधवखेड़ा, राजकुमार निवासी मोहनलालगंज और आशीष निवासी दीवानगंज के नाम सामने आए हैं।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वन विभाग के बीट प्रभारी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधित हरे पेड़ों की अवैध कटान का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।