लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से साइबर अपराध और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित युवती के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का विवाह तय किया था, जिसकी जानकारी मिलते ही उसकी प्रेमी ने जबरन शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि युवक ने विवाह से इनकार किए जाने पर युवती के होने वाले ससुराल पक्ष को फोन कर धमकियां दीं और शादी करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए युवती के अश्लील फोटो व वीडियो भेज दिए। इस घटना से युवती और उसका पूरा परिवार मानसिक तनाव में है, वहीं विवाह भी टूटने की कगार पर पहुंच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी अरुण पाल निवासी पिपरौली, थाना साउथ सिटी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।