
लखनऊ। आशियाना क्षेत्र स्थित रजनी खंड, शारदा नगर में सनातन एकता मंच की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ किया गया। धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत होते ही क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचने लगे।
कथा व्यास के रूप में अयोध्या धाम स्थित हनुमानगढ़ी से पधारे आचार्य मोहिताचार्य जी महाराज ने सोमवार को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की दिव्य एवं भावपूर्ण कथा का रसपान कराया। उन्होंने श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया।
आयोजन को सफल बनाने में सनातन एकता मंच के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने तन-मन-धन से सहयोग किया। मंच के अध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा सहित धर्मेंद्र सिंह सोनबरसा, रघुपति सिंह, मुकेश सिंह, संजीव पांडे, पुष्पेंद्र सिंह, विकास सिंह, अतुल तिवारी, प्रमोद कुमार तिवारी, उमेश त्रिपाठी, अमित जायसवाल, विमल सिंह व अन्य सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
श्रीराम कथा के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर नजर आया। आयोजकों के अनुसार कथा के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।