लखनऊ में वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा, सात दुर्लभ फाल्कन के साथ मुंबई का तस्कर गिरफ्तार

 दुबई, सऊदी अरब और बहरीन तक होती थी सप्लाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने वन्यजीव तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए मुंबई निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से अनुसूची-1 में शामिल सात दुर्लभ फाल्कन (बाज) बरामद किए गए है। गिरोह इन संरक्षित पक्षियों की तस्करी कर दुबई, सऊदी अरब और बहरीन तक सप्लाई करता था।

एसटीएफ ने शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे मदेयगंज थाना क्षेत्र के इरादतनगर मोहल्ले स्थित एक मकान से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान मुंबई के बाइकुला रेलवे स्टेशन के पास मोहम्मद बख्श बिल्डिंग निवासी फिरोज मुसर्रत खान के रूप में हुई है। उसके पास से सात फाल्कन के अलावा एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ है।

एसटीएफ के मुताबिक, संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में टीम अभिसूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व वाली टीम को सूचना मिली कि मुंबई निवासी एक व्यक्ति संरक्षित पक्षियों की खेप लेकर लखनऊ आने वाला है।

इस पर एसटीएफ ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, लखनऊ की टीम से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जंगलों से पकड़कर विदेशों में करते थे सप्लाई

पूछताछ में आरोपी ने एसटीएफ को बताया कि उसका एक गिरोह है, जो प्रतिबंधित और संरक्षित पक्षियों व वन्यजीवों की तस्करी करता है। गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से इन पक्षियों को एकत्र करते थे। इसके बाद मुंबई के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुबई, सऊदी अरब और बहरीन में उनकी सप्लाई की जाती थी।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा

एसटीएफ के मुताबिक, फाल्कन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित प्रजाति है। इस श्रेणी के वन्यजीवों को कानून के तहत सर्वोच्च स्तर का संरक्षण प्राप्त है। आरोपी के खिलाफ मदेयगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।