लाइसेंस शुल्क के खिलाफ सड़क पर उतरने की चेतावनी, व्यापारियों ने महापौर को सौंपा ज्ञापन

लखनऊ। नगर निगम की ओर से  राजधानी में लाइसेंस शुल्क व्यवस्था लागू किए जाने की तैयारियों की खबर सामने आते ही व्यापारिक संगठनों में नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। इस प्रस्ताव के विरोध में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने महापौर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और इस व्यवस्था को स्थायी रूप से समाप्त किए जाने की मांग उठाई। व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि लाइसेंस शुल्क लागू करने का प्रयास किया गया तो लखनऊ की बाजारें बंद कर विरोध किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंचा और महापौर सुषमा खर्कवाल से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने नगर निगम की प्रस्तावित लाइसेंस शुल्क व्यवस्था पर कड़ा ऐतराज जताया।

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने महापौर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि पिछले वर्ष भी नगर निगम द्वारा लाइसेंस शुल्क लागू करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसका राजधानी के व्यापारियों और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने व्यापक विरोध किया था। उस समय व्यापारियों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। तब महापौर की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि लखनऊ में लाइसेंस शुल्क व्यवस्था लागू नहीं की जाएगी।

व्यापारियों का कहना है कि एक वर्ष बाद फिर से अखबारों के माध्यम से इस तरह की तैयारियों की जानकारी सामने आना चिंता का विषय है। संजय गुप्ता ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क या टैक्स लगाना न केवल अनुचित है, बल्कि जीएसटी की मूल भावना के भी खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के किसी अन्य बड़े शहर में ऐसी लाइसेंस शुल्क व्यवस्था लागू नहीं है।

महापौर ने दिया समाधान का आश्वासन

महापौर सुषमा खर्कवाल ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए ज्ञापन स्वीकार किया और कहा कि वे नगर निगम प्रशासन और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के बीच सेतु बनकर इस मुद्दे का स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास करेंगी। उन्होंने शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने का आश्वासन भी दिया।

बाजार बंद कर विरोध की चेतावनी

बैठक के बाद संजय गुप्ता ने दो टूक कहा कि राजधानी का व्यापारी किसी भी हालत में लाइसेंस शुल्क व्यवस्था स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जरूरत पड़ी तो लखनऊ की बाजारें बंद कर आंदोलन किया जाएगा और किसी भी कीमत पर इस व्यवस्था को लागू नहीं होने दिया जाएगा।

ज्ञापन कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मो. अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष शेखर कुमार, नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव, अंशू श्रीवास्तव, धर्मेंद्र साहू, मसीह उज्ज़मा गांधी, गौस अहमद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश आदर्श लैब ऑनर्स एसोसिएशन, टेंट, केटरिंग एवं डेकोरेशन व्यापार मंडल, नाका गणेशगंज, लवलेन मार्केट, अवध पेट फूड एंड सेलर्स ब्रीडर ट्रेड बोर्ड सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी इस विरोध में सहभागिता की।