लखनऊ। लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती फोर्ड इकोस्पोर्ट कार में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 1:10 बजे थाना मलिहाबाद क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फरपुर के निकट हुई। हरदोई जिले के रेलवेगंज निवासी अब्दुल बासित अपनी फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (UP 30 AJ 0786) से लखनऊ से हरदोई जा रहे थे। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई।
कार से धुआं और लपटें उठती देख चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल वाहन रोककर बाहर निकल गया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित है।
प्रथम दृष्टया जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।