विश्व साइकिल दिवस पर CRPF का फिटनेस अभियान, 75 जवानों ने भरी साइकिल की रफ्तार

लखनऊ। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रविवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में सीआरपीएफ की लखनऊ स्थित विभिन्न इकाइयों, जिनमें सेंट्रल सेक्टर मुख्यालय, रेंज/ग्रुप केंद्र लखनऊ, 91 आरएएफ, 93 वाहिनी और 233 महिला वाहिनी के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, साई लखनऊ के खिलाड़ी, अधिकारी, कर्मचारी, नागरिक, युवा और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी की।

सीआरपीएफ के सेंट्रल सेक्टर लखनऊ के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार द्वारा 93 वाहिनी के कमांडेंट देवेंद्र नाथ यादव को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। उनके निर्देशन में विभिन्न इकाइयों के जवानों और अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। साइकिल रैली में उप कमांडेंट रंजना सिंह, सहायक कमांडेंट रामकृष्ण तिवारी, निरीक्षक आलोक श्रीवास्तव, निरीक्षक प्रभाकर तथा निरीक्षक राजेन्द्र ने नेतृत्व किया। कार्यक्रम में सीआरपीएफ के कुल 75 अधिकारी और जवान शामिल हुए।

साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर साइकिल चलाते हुए लोगों को नियमित व्यायाम, ईंधन बचत और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया। साथ ही फिट इंडिया अभियान और स्वच्छ पर्यावरण के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

आयोजन के दौरान योग और जुंबा सत्र भी आयोजित किए गए, जिसमें प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के विभिन्न तरीके बताए। प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आयोजकों ने बताया कि “संडे ऑन साइकिल” अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण अनुकूल परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में मौजूद अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के समापन पर साई लखनऊ की ओर से सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संदेश को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया।