गोसाईंगंज में मारपीट के दो मामलों में एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ। गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मारपीट और धमकी देने के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में ग्राम जमालपुर कुर्मियान मजरा रतियामऊ निवासी वंश रावत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 जून की रात करीब 8:30 बजे उनके पिता संतोष कुमार को गांव के ही दीपक पुत्र महेश ने बिना किसी वजह के गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में संतोष कुमार को चोटें आई हैं।

वहीं दूसरे मामले में ग्राम गौरियाकला निवासी शांति पत्नी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 जून की शाम करीब 7 बजे उनकी सास के साथ कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान उनके देवर छोटू और जेठ धर्मेंद्र पुत्रगण राम सुरेश ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति राहुल को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने शरीर और पेट में अंदरूनी चोटें आने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

गोसाईंगंज पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।