भव्य स्वागत के बीच जीतू यादव का बड़ा ऐलान—अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान से नहीं होगा कोई समझौता

लखनऊ। लखनऊ बार एसोसिएशन के चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद नवनियुक्त महामंत्री जितेंद्र यादव ‘जीतू’ का रविवार को पहली बार मोहनलालगंज आगमन हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र में उनका भव्य स्वागत किया गया। मोहनलालगंज स्थित तरूण आटो  बजाज शोरूम में आयोजित समारोह में अधिवक्ताओं व गणमान्य लोगों ने फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक व वरिष्ठ पत्रकार मुकेश द्विवेदी और श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने विशेष रूप से उनका स्वागत किया। समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच महामंत्री को शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में जितेंद्र यादव ‘जीतू’ ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोहनलालगंज क्षेत्र सहित पूरे जनपद के अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा और हर परिस्थिति में उनके हितों की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने अधिवक्ताओं की सुरक्षा, बार-बेंच समन्वय, न्यायिक प्रक्रियाओं में सुधार और  युवा अधिवक्ताओं को मजबूत मंच देने जैसे मुद्दों पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था की मजबूत कड़ी है और उनके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने भी क्षेत्रीय समस्याओं और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उनके समक्ष रखा।

प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने अपने संबोधन में कहा कि युवा और ऊर्जावान नेतृत्व से अधिवक्ता समाज को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जितेंद्र यादव ‘जीतू’ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा और उनकी आवाज को और बुलंदी मिलेगी।

निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में लखनऊ बार एसोसिएशन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। वहीं दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने कहा कि युवा नेतृत्व से अधिवक्ता समाज को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में पुष्पराज सिंह, मुरारी सिंह, रिंकू शर्मा, संजीव मिश्रा, अतुल मिश्रा, रवि दत्त, रोचक यादव, हिमांशु रावत, शिवा मिश्रा, सुशील तिवारी, रामजी जायसवाल, श्यामजी जायसवाल, अरुण सिंह, आलोक सिंह सहित तीन दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।