लखनऊ। मोहनलालगंज के मौरावा रोड स्थित गुप्ता ढाबे पर सोमवार रात गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि कार सवार पांच युवकों ने ढाबा संचालक एवं अधिवक्ता आदित्य गुप्ता और उनके कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। हमले में दोनों घायल हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
पुलिस को दी गई तहरीर में आदित्य गुप्ता ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने ढाबे पर बैठे थे। इसी दौरान ढाबे के किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर और स्कॉर्पियो-एन में बैठे युवकों से उन्होंने वाहन व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने को कहा। आरोप है कि इस बात पर युवक भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आदित्य का आरोप है कि युवकों ने उन्हें पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की नीयत से हमला किया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ढाबे के कर्मचारी नरेश को भी आरोपियों ने पीट दिया, जिससे वह भी घायल हो गया।
घटना के दौरान ढाबे पर मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी अभद्रता की। बाद में स्थानीय लोगों और ग्राहकों के एकजुट होने पर आरोपी मौके से भाग निकले।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर जाते समय उनके गले से सोने की चेन भी छीन ले गए। घटना की सूचना मिलने पर मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।