लखनऊ। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक 11 वर्षीय बच्चा लावारिस हालत में घूमता मिला। बच्चे को वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक ने मानवीय पहल करते हुए गोसाईगंज थाने पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने तत्काल ऑपरेशन मुस्कान के तहत उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह एवं मिशन शक्ति टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम द्वारा बच्चे से पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि वह नेपाल का मूल निवासी है और नेपाल बॉर्डर स्थित रूपाडीह, जिला बहराइच के रास्ते परिजनों के साथ बस द्वारा अहमदाबाद (गुजरात) जा रहा था, इसी दौरान वह रास्ते में बिछड़ गया।
प्रभारी निरीक्षक द्वारा बच्चे से संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया गया। उसे भोजन कराया गया तथा गंदे कपड़ों की स्थिति को देखते हुए नए कपड़े भी उपलब्ध कराए गए।
पुलिस द्वारा गुमशुदा बच्चे के परिजनों से संपर्क के लगातार प्रयास किए गए। अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक सूचना प्रसारित किए जाने के बाद बच्चे के परिजनों का पता लगाया गया और उन्हें बच्चे के सकुशल थाने पर होने की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे, जहां बच्चे को पूर्ण रूप से सुरक्षित पाकर नियमानुसार उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के परिजनों ने गोसाईगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और सराहनीय प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।