लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को नवम सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आशियाना गुरुद्वारे में आयोजित शहीदी दिवस कार्यक्रम एवं नगर कीर्तन में सहभागिता की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत प्रचारक कौशल जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरु तेग बहादुर जी को महान, निर्भीक और मानवता के रक्षक योद्धा के रूप में स्मरण किया। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान केवल सिख धर्म तक सीमित नहीं था, बल्कि संपूर्ण मानवता की धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए था। यह बलिदान उस दौर में दिया गया जब औरंगजेब के शासन में आस्था और विचारों पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए थे।
डॉ. सिंह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने अपने शीश का बलिदान देकर अंतःकरण की स्वतंत्रता का ऐसा अमर अधिकार स्थापित किया, जिसे आज भारतीय संविधान का अनुच्छेद 25 सुरक्षित करता है। उनका शहीद होना धर्म, न्याय, मानवाधिकार और राष्ट्रबोध की सर्वोच्च मिसाल है।

विधायक ने यह भी बताया कि सरोजनीनगर क्षेत्र से ‘अमृतसर–करतारपुर साहिब दर्शन यात्रा’ का सफल संचालन किया गया, जिसके अंतर्गत 41 सिख श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी की पावन भूमि के दर्शन कराए गए। इसके अतिरिक्त, विधायक निधि से आशियाना क्षेत्र में भव्य गुरु नानक द्वार का निर्माण कर सिख समाज की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान दिया गया है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिख गुरुओं के त्याग, बलिदान, सेवा और मानवता-केंद्रित आदर्शों से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने के उद्देश्य से सरोजनीनगर में एक भव्य और ऐतिहासिक ‘विरासत-ए-खालसा’ की स्थापना का संकल्प लिया गया है। यह पहल सांस्कृतिक संरक्षण के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का सशक्त प्रतीक बनेगी।
इस अवसर पर पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, निर्मल सिंह (अध्यक्ष, केन्द्रीय सिख सभा गुरुद्वारा आलमबाग), जसपाल सिंह वोरा (अध्यक्ष, आशियाना गुरुद्वारा), सुरेंद्र पाल सिंह बक्शी (उप्र गुरुद्वारा सिख मैनेजमेंट कमेटी), सरबजीत सिंह, रतपाल सिंह गोल्डी, मनजीत सिंह तलवार, प्रशांत भाटिया, टी.पी.एस. अनेजा, अनिल विरमानी, परविंदर सिंह, जे.एस. चड्ढा, सुनील कालरा, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी, कमलेश सिंह, विमल तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।