जिला कारागार में योग दिवस पर 500 बंदियों ने किया योग, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को जिला कारागार लखनऊ के कॉमन हॉल में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों व कारागार कर्मियों के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

योगाभ्यास का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के योग प्रशिक्षक राजीव पाठक ने किया। शिविर में लगभग 500 पुरुष व महिला बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग सत्र की शुरुआत मंगलाचरण के साथ हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों को ग्रीवाचालन, समस्थिति, कटीचालन, घुटना संचालन, ताड़ासन, भुजंगासन, पादहस्तासन, अर्द्धचक्रासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के लीगल एंड डिफेंस काउंसिल चीफ अरुण मिश्रा, डिप्टी चीफ एम.के. सिंह और आशीष कुमार जैन ने भी सहभागिता की और योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक आर.के. जायसवाल, कारापाल ऋत्विक प्रियदर्शी, राजेश कुमार, सुनील दत्त मिश्र एवं अभय कुमार शुक्ल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा उप कारापाल वीरेन्द्र विक्रम सिंह, तारकेश्वर सिंह, अजय कुमार कुलवन्त समेत अन्य कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।