लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के तत्वावधान में आशियाना स्थित मल्टी एक्टिविटी सेंटर में विशाल योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक योगाभ्यासियों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
योगाभ्यास कार्यक्रम में व्यापारी, महिलाएं, बुजुर्ग, वर्तमान एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, युवा तथा बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर संजय गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे ऋषि-मुनियों ने हमें सौंपा है। उन्होंने कहा कि योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर तन और मन दोनों को स्वस्थ रखा जा सकता है। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नियमित योग करने का आह्वान किया।

समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर ने उपस्थित लोगों को योग के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनता है तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूरे वर्ष निशुल्क योग प्रशिक्षण देने वाले योगाचार्यों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समिति के उपाध्यक्ष एवं गीता चैरिटी ट्रस्ट एंड फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनील मौर्य ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं समिति के संरक्षक संजय गुप्ता रहे। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि एवं पार्षद के.एन. सिंह, पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, पूर्व मंत्री ओ.पी. सिंह, पार्षद सौरभ सिंह मोनू, पार्षद हिमांशु अंबेडकर, प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी तथा सलाहकार समिति सदस्य गोपाल कृष्ण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।