आशियाना पुलिस ने पुताई के बहाने रेकी कर चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार

लखनऊ। आशियाना थाना पुलिस ने दिन में पुताई का काम करने के बहाने बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले तीन साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी, दो दोपहिया वाहन और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि बीते दिनों एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की गई थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस टीम बीबीएयू विश्वविद्यालय के पास शहीद पथ की ओर जाने वाली सड़क पर गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर बीबीएयू की दीवार के किनारे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शाहरुख पुत्र अंसार अहमद (उम्र 32 वर्ष), अब्दुल खान पुत्र आमिन खान (उम्र 20 वर्ष), दोनों निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, रश्मिखंड, शारदानगर थाना आशियाना तथा मिथुन उर्फ अरुण पुत्र चंद्रिका प्रसाद (उम्र 29 वर्ष), निवासी ननसोहा थाना रामकोट जिला सीतापुर (हाल पता रश्मिखंड, शारदानगर) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कीमती जेवरात (अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये), 18,620 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल (UP32 DW 5701), एक बिना नंबर की स्कूटी, दो लोहे की छेनी, एक बसुली, एक प्लास, एक पेचकश और एक रिंच बरामद की है।

पूछताछ में सामने आया कि शाहरुख और अब्दुल खान चचेरे भाई हैं। तीनों दिन में पुताई का काम करते थे और इसी दौरान बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।