लखनऊ। अमौसी–नादरगंज मार्ग पर लंबे समय से चल रही ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए लखनऊ पुलिस ने प्रभावी कदम उठाए। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर और जॉइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार के निर्देश पर दक्षिणी जोन की पुलिस ने अभियान चलाकर मार्ग को जाममुक्त कराया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल और अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसन्थ कुमार के निर्देशन में एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने जाम की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर खड़े पेट्रोल, डीज़ल और गैस से भरे टैंकरों को जाम का प्रमुख कारण पाया गया।

इसके बाद एसीपी ने ट्रांसपोर्टर्स, इंडियन ऑयल गैस, हिंदुस्तान पेट्रोलियम सहित संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई। बैठक में सड़क किनारे टैंकर पार्किंग पर सख्त रोक लगाने पर सहमति बनी। टैंकरों के लिए वैकल्पिक पार्किंग स्थल निर्धारित करने और चालकों को अनिवार्य रूप से उसी स्थल पर वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस की कार्रवाई के बाद बड़ा बदलाव
निर्देश के बाद ही अमौसी–नादरगंज मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधा मुक्त हो गया है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई है। जाम से राहत मिलने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।जाम खत्म होने से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी अब बिना रुकावट मार्ग मिल रहा है। साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना में भी कमी आई है।पुलिस की यह पहल आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया प्रभावी कदम साबित हो रही है।