मनी म्यूल अकाउंट और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की दी जा रही जानकारी

लखनऊ। कैनरा बैंक मोहनलालगंज शाखा ने वित्तीय सुरक्षा और सुरक्षित बैंकिंग जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए दो दिवसीय विशेष अभियान “सिक्योर यू” की शुरुआत की है। यह कार्यक्रम 9 और 10 दिसंबर को आयोजित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को मनी म्यूल अकाउंट जैसे बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क करना है। मनी म्यूल वे खाते होते हैं जिनका इस्तेमाल अपराधी अवैध लेन-देन तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए करते हैं।
शाखा प्रबंधक अंकित कुमार ने बताया कि कई बार लोग मामूली लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल नंबर या ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा कर देते हैं, जिससे वे अनजाने में साइबर अपराध की चपेट में आ जाते हैं। यह लापरवाही आगे चलकर गंभीर कानूनी और आर्थिक परेशानी का कारण बन सकती है।
अभियान के दौरान बैंक टीम द्वारा क्षेत्र में छोटी-छोटी जागरूकता सभाएँ, ग्राहक मुलाकातें, पोस्टर-बैनर और डिजिटल माध्यमों के जरिए सुरक्षित बैंकिंग की जानकारी दी जा रही है। साथ ही नागरिकों को सलाह दी जा रही है कि किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत बैंक या संबंधित विभाग को दें।
कैनरा बैंक मोहनलालगंज शाखा ने ग्राहकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ें और अपने परिवार तथा समुदाय को साइबर अपराधों से बचाने में मदद करें।
One thought on “कैनरा बैंक मोहनलालगंज शाखा ने शुरू किया “सिक्योर यू” अभियान”
Comments are closed.