लखनऊ। बीमार पत्नी को अस्पताल में देखने जा रहे एक युवक को रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने रोककर बेरहमी से पीट दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसकी पिटाई करने के बाद 20 हजार रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी भी लूट ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
गोसाईगंज क्षेत्र के महुराकला निवासी सतीश रावत ने बताया कि उसकी पत्नी अनीता की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। जानकारी मिलने पर उसने मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने मालिक से पत्नी के इलाज के लिए 20 हजार रुपये उधार लिए और मोटरसाइकिल से ससुराल निगोहां के भोलाखेड़ा के लिए निकला।
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह मऊ नहर होते हुए राजाखेड़ा गांव के पास पहुंचा, तभी बाइक सवार तीन लोगों ने उसे जबरन रोक लिया और बेहरमी से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।सूचना पर पहुंचे ससुरालीजन घायल सतीश को अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।
बुधवार को पीड़ित सतीश रावत अपने साले धनीराम व परिजनों के साथ मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचा और रिंकू निवासी राजाखेड़ा, विशाल व गोलू निवासी किला मोहम्मदी (आशियाना) तथा एक अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पिटाई के दौरान उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये, पहनी हुई सोने की चेन और अंगूठी छीन ली।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों की बाइक आपस में टकराने के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। पूरे मामले की गहराई से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े… मानसिक रूप से बीमार युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या