एसीपी रजनीश वर्मा की चौपाल: हेल्पलाइन, कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष जोर

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के सहिजनपुर गांव में सोमवार को आयोजित जनसंपर्क चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया। बैठक की अध्यक्षता एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने की।

चौपाल में एसीपी ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानून—जैसे घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, और त्वरित सहायता के लिए 1090 व 112 हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

उन्होंने सोशल मीडिया से जुड़े खतरों पर विशेष जोर देते हुए बच्चों और अभिभावकों को सलाह दी कि प्रोफाइल पब्लिक न रखें, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। किसी गलत चैट, धमकी भरे कॉल या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस और परिवार को जानकारी देने की बात कही।

एसीपी ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी ग्रामीणों को सतर्क किया। डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, OTP फ्रॉड और कस्टमर केयर बनकर ठगने वाली घटनाओं के उदाहरण देते हुए उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी साइबर ठगी की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराएं।

चौपाल में भूमि विवादों के समाधान के लिए थाना समाधान दिवस की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने गांवों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की जरूरत बताई और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम में बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह, हरौनी चौकी प्रभारी श्याम जी मिश्रा, उपनिरीक्षक अरविंद यादव और सहिजनपुर व नारायणपुर के ग्रामीण मौजूद रहे।

One thought on “एसीपी रजनीश वर्मा की चौपाल: हेल्पलाइन, कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष जोर

Comments are closed.