मोहनलालगंज में मारपीट: कबाड़ बीनने वाले दंपत्ति को ई-रिक्शा चालक ने पीटा

लखनऊ। मोहनलालगंज में सड़क हादसे के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक ई-रिक्शा चालक ने कबाड़ बीनने वाले मजदूर दंपत्ति पर कांच की बोतल से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन गेट निवासी संतोष यादव ने बताया कि वह अपनी पत्नी गीता के साथ झुग्गी में रहकर कबाड़ बीनने का काम करता है। सोमवार दोपहर करीब चार बजे दोनों मोहनलालगंज क्षेत्र से कबाड़ बीनकर साइकिल से पैदल घर लौट रहे थे।

हरकशंगढ़ी चौकी के पास एक अज्ञात ई-रिक्शा चालक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे साइकिल और उसमें लदा कबाड़ सड़क पर बिखर गया। संतोष के विरोध जताने पर ई-रिक्शा चालक भड़क उठा और गाली-गलौज करते हुए सड़क पर पड़े कबाड़ में से कांच की बोतल उठाकर संतोष और उसकी पत्नी गीता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में दोनों घायल हो गए।

आरोपी चालक दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर चौकी इंचार्ज साजिद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल दंपत्ति को इलाज के लिए सीएचसी भिजवाया।

इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ई-रिक्शा और साइकिल की टक्कर के बाद मारपीट की घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित दंपत्ति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।