मिशन शक्ति फेज 5.0: बंथरा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

लखनऊ। बंथरा पुलिस ने महिला विशिष्ट बीट त्रैमासिक/मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत शनिवार को हसनखेड़ा और मजरा भटगांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक गुलाब कली, उपनिरीक्षक नेहा यादव, उपनिरीक्षक रमेश चंद्र, पीआरडी जवान सुशीला और एंटी रोमियो टीम शामिल रही। टीम ने ग्रामीणों को मिशन शक्ति के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए बताया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठा रही है।

इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 181, 112, 1098 आदि की जानकारी दी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता ले सकें।

 

इसके साथ ही टीम ने साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन फ्रॉड की पहचान और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार संबंधी टिप्स भी साझा किए। पुलिस ने उपस्थित महिलाओं को UP COP एप के उपयोग के बारे में बताया, जिससे जरूरत पड़ने पर वह सीधे पुलिस से संपर्क कर सकती हैं।

कार्यक्रम में पुलिस टीम ने सरकारी योजनाओं और उनके लाभों से भी महिलाओं को अवगत कराया। बंथरा पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।