नगर निगम मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भावपूर्ण सम्मान, महापौर सुषमा खर्कवाल ने दी विदाई

लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह भावनाओं और गरिमा से भर उठा, जब वर्षों तक शहर की सेवा में जुटे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को निगम प्रशासन ने विशेष सम्मान के साथ विदाई दी। शहर की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन कर्मियों के योगदान को याद करते हुए कार्यक्रम में सौहार्द और कृतज्ञता का अनूठा वातावरण देखने को मिला।

नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में तीस नम्वम्बर 2025 को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी कर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सफलता में कर्मचारियों की निष्ठा और समर्पण ही असली शक्ति है।

समारोह में पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, अधिष्ठान प्रभारी विकास सिंह, कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित रहे।

मंच से सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के नामों की घोषणा की गई। बेलदार पद पर कार्यरत सर्वदीन, मुन्नी देवी और बिमल कुमार तथा सफाई कर्मी गंगा प्रसाद, मनोज, राजेश, राम आसरे, रईस, राज किशोर, मुन्दर, राकेश और लेख राम को उनके वर्षों के समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान  कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भावुक होकर अपने अनुभव साझा किए।