वृंदावन योजना में दबंगों का कहर: युवक पर ताबड़तोड़ हमला, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के वृंदावन योजना सेक्टर-6 में दबंगों ने चाय की दुकान पर बैठे एक युवक पर बेखौफ होकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को तमंचे की बट, ईंट और धारदार हथियार से बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे साथियों ने एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। 

पारा थाना क्षेत्र के चंद्रोदय नगर, राजाजीपुरम निवासी उज्वल दीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-6 स्थित चाय की दुकान पर बैठे थे। तभी कुछ नशे में धुत युवक वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। उज्वल ने विरोध किया तो वे वहां से चले गए।

कुछ देर बाद वे युवक अपने साथ करीब 15–20 लोगों का झुंड लेकर लौटे। आरोप है कि सनी गोस्वामी, हरसित सैनी, हफीज, वासूदेव सहित कई अज्ञात लोगों ने तमंचा दिखाते हुए उज्वल पर अचानक हमला कर दिया। धारदार हथियार, ईंट और तमंचे की बट से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पीजीआई कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है।