लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को लखनऊ आगमन पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में गृह मंत्री के संबोधन को संगठन के लिए मार्गदर्शक संदेश और मिशन-2027 का विजय मंत्र बताया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि गृह मंत्री का मार्गदर्शक संदेश हम सभी के लिए ब्रह्मवाक्य है। प्रत्येक कार्यकर्ता को इसे आत्मसात कर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना चाहिए। उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प अंगद के पांव की तरह अडिग है।
उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के विश्वास के बल पर इस संकल्प को साकार किया जाएगा। व्यक्तिगत अपेक्षाओं और मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन की विजय, जनसेवा और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
डॉ. सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत कर वह स्वयं को गौरवान्वित और अभिभूत महसूस कर रहे हैं।