लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील बार एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य और तीन बार अध्यक्ष रहे वरिष्ठ अधिवक्ता रामनरेश सिंह का सोमवार शाम बीमारी के चलते निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही मोहनलालगंज तहसील परिसर समेत अधिवक्ता समाज और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
नगर पंचायत बख्खा खेड़ा निवासी रामनरेश सिंह वर्ष 1975 से अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रहे थे। उन्होंने अपने लंबे अधिवक्ता जीवन में मोहनलालगंज तहसील बार एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह तीन बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे और अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मामलों में सक्रिय रहते थे।
वरिष्ठ अधिवक्ता रामनरेश सिंह के निधन को मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के लिए बड़ी क्षति बताया जा रहा है। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रामनरेश सिंह अपने पीछे पत्नी अंजनी सिंह, बेटे अनुराग सिंह और बेटी श्वेता सिंह को छोड़ गए हैं। उनके निधन पर मंगलवार को मोहनलालगंज तहसील में कंडोलेंस रहेगा। अधिवक्ता समाज ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।