मोहनलालगंज में एमएलसी प्रत्याशी विजय कुमार ‘बन्धु’ का स्वागत, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने जताया समर्थन

लखनऊ। विधान परिषद स्नातक क्षेत्र के प्रत्याशी विजय कुमार ‘बन्धु’ की जन जागरण यात्रा को सोमवार को मोहनलालगंज, पीजीआई और ब्लॉक कार्यालय परिसर में व्यापक समर्थन मिला। अधिवक्ताओं, नर्सिंग स्टाफ और सफाई कर्मियों ने उनका स्वागत करते हुए विभिन्न मुद्दों पर समर्थन का भरोसा जताया।

लखनऊ से रायबरेली जाते समय विजय कुमार ‘बन्धु’ मोहनलालगंज तहसील पहुंचे, जहां बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, स्नातकों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली, सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विधान परिषद में पहुंचने पर इन वर्गों की समस्याओं को मजबूती के साथ सदन में उठाया जाएगा।

कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला, महामंत्री राम लखन यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान बार अध्यक्ष और महामंत्री ने अधिवक्ता समाज की विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया। कार्यक्रम में अटेवा के विधिक सलाहकार नरेंद्र यादव समेत कई अधिवक्ताओं ने भी सहभागिता की।

इसके पूर्व पीजीआई क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ ने उनकी जन जागरण यात्रा का स्वागत कर समर्थन व्यक्त किया। वहीं ब्लॉक मोहनलालगंज कार्यालय के सामने सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री रामेंद्र श्रीवास्तव, प्रभाकर चौरसिया, पंकज सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने उनका अभिनंदन किया और उनकी बातों का समर्थन किया।

जन जागरण यात्रा के दौरान विभिन्न वर्गों से मिले समर्थन पर विजय कुमार ‘बन्धु’ ने सभी का आभार व्यक्त किया। इसके बाद उनका काफिला अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गया।