लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों ने अभी से जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी की जिला उपाध्यक्ष अर्चना रावत ने मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र में पूरी ताकत झोंक दी है। सपा की विचारधारा और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह लगातार ग्रामीण इलाकों में पसीना बहा रही हैं।अर्चना रावत इन दिनों ‘मिशन 2027’ के तहत विधानसभा के गांव-गांव, गली-मोहल्लों और घर-घर जाकर सीधे जनता से संवाद स्थापित कर रही हैं। जनसंपर्क के दौरान वह न सिर्फ पार्टी की नीतियों का प्रचार कर रही हैं, बल्कि ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं को भी सुन रही हैं।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही मुख्य लक्ष्य: अर्चना रावत
सपा जिला उपाध्यक्ष अर्चना रावत ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना और उसके सुख-दुख को साझा करना है। उन्होंने कहा, “जनता की जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर निस्तारण कराने का प्रयास किया जा रहा है।”
बूथ स्तर पर संगठन को किया जा रहा मजबूत
अर्चना रावत ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में सपा से जुड़ रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में मोहनलालगंज सीट पर सपा का परचम लहराना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बूथ स्तर पर संगठन को अभेद्य किला बनाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। लगातार चल रहे इस जनसंपर्क अभियान से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।