अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, कई ठेले-गुमटियां हटाईं

लखनऊ। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और उससे प्रभावित हो रहे यातायात को सुचारु बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-5 और जोन-7 में विशेष कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।

जोन-5 में अवध चौराहे से हरदोई रोड तक अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथों पर लगाए गए अवैध ठेले, खुमचे, गुमटियां और काउंटर हटवाए गए। कार्रवाई के दौरान 8 ठेले, 6 गुमटियां और 4 काउंटर हटाए गए। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।

यह अभियान जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक विवेक मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल और पुलिस बल मौजूद रहा।

उधर, जोन-7 में मुंशीपुलिया चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में नालियों, नालों तथा सड़क की दोनों पट्टियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान एक गुमटी जब्त की गई, जबकि 3 लोहे के काउंटर, 2 ठेले, 4 ठेलियां और 3 गुमटियां हटाई गईं।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।