‘सिर्फ पौधे लगाएं नहीं, उन्हें बचाएं भी’- विश्व पर्यावरण दिवस पर डीआईजी का बड़ा संदेश

लखनऊ । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ (वाराणसी) के तत्वाधान में  लखनऊ स्थित क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र (आरआरसी) की ओर से वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस मुख्यालय के निकट स्थित एनडीआरएफ के नए परिसर और जनता इंटर कॉलेज में किया गया, जहां अधिकारियों, जवानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान का शुभारंभ 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मनोज कुमार शर्मा ने पौधरोपण कर किया। इस दौरान परिसर में नीम, पीपल, बरगद, आंवला और जामुन जैसे छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि बढ़ते वैश्विक तापमान और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ केवल आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम करने के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। साथ ही जवानों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नागेश शर्मा ने एनडीआरएफ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ अधिकारियों और बचावकर्मियों ने पर्यावरण को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।