प्रयागराज में केशव मौर्य का बड़ा संदेश, बोले- शिक्षित भारत के निर्माण में शिक्षकों की सबसे अहम भूमिका

लखनऊ/ प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को जिला पंचायत सभागार प्रयागराज में संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी व प्रान्तीय अधिवेशन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप सम्मिलित हुए। उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया ।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शिक्षित भारत बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भागीदारी है। सरकार के द्वारा आपकी जायज मांगों को पूरा कराने का हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के द्वारा शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोईयां को कैशलेश चिकित्सा की सुविधा भी प्रदान की है। उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि आप सभी का दायित्व बड़ा है, बच्चों को पढ़ाने व आगे बढ़ाने के साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों को सम्पादित कराने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पूर्व के स्कूलों की व्यवस्थाओं और अब के स्कूलों में आपरेशन कायाकल्प योजना के तहत उपलब्ध व्यवस्थाओं में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला है।

उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आज देश व प्रदेश हर विद्यालयों में राष्ट्रीय स्वच्छ मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण सुनिश्चित कराया गया है, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर क्षेत्र में विकास के कार्य को तेजी से आगे बढ़ा रही है।  प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों को पक्का मकान, गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य कई सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही आगे कोई पात्र व्यक्ति इन योजनाओं के लाभ से वंचित न हो, इसे भी सुनिश्चित करने का काम किया जा रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त-दूरूस्त हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार व अन्य क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ सभी के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के साथ सभी वर्गों के लिए कार्य हो रहा है।

इस मौके पर विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य डॉ0 के0पी0 श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक पी0एन0 सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण, प्रदेश के विभिन्न स्कूलों से आये शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 प्रभाकर त्रिपाठी के द्वारा किया गया।