लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक 49 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम भदोई, पोस्ट मवई पडियाना निवासी राजेश पुत्र सुरेन्द्र नाथ रविवार सुबह अपने कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटके मिले। परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना सुबह करीब 5:45 बजे थाना बंथरा पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जानकारी में सामने आया कि मृतक हलवाई का काम करता था। परिवार में पत्नी, 18 वर्षीय बेटी और करीब ढाई साल का बेटा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना बंथरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।