फिट इंडिया साइकिल रैली में दिखा जोश, 258 जवानों ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

लखनऊ। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को सशस्त्र सीमा बल सीमांत मुख्यालय, लखनऊ की ओर से “संडे ऑन साइकिल” के 75वें संस्करण के अंतर्गत “फिट इंडिया साइकिल रैली” का आयोजन किया गया। रैली में अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को फिट रहने और साइकिल अपनाने का संदेश दिया।

यह आयोजन रत्न संजय, महानिरीक्षक सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय लखनऊ के मार्गदर्शन में उप महानिरीक्षक एच. जितेन तथा उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. निखिल कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

साइकिल रैली में सीमांत मुख्यालय लखनऊ और चतुर्थ वाहिनी के कुल छह अधिकारियों समेत 258 बलकर्मियों ने भाग लिया। रैली का आयोजन जी-20 रोड, लखनऊ में किया गया, जहां प्रतिभागियों ने लगभग 10 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और लोगों को स्वस्थ एवं फिट रहने के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में साइकिल के अधिक उपयोग की अपील की।

रैली का समापन उत्साह और सकारात्मक संदेश के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।