फर्नीचर गोदाम में लगी आग, स्थानीय लोगों और फायर कर्मियों ने पाया काबू

लखनऊ।  गुडंबा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित विजय कुंज कॉलोनी में शुक्रवार रात एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन इंदिरानगर की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजकर 1 मिनट पर उपासना गौड़ ने फायर स्टेशन इंदिरानगर के सीयूजी नंबर पर कॉल कर विजय कुंज कॉलोनी, भारती इंटर कॉलेज के पास स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन इंदिरानगर से दमकल वाहन संख्या यूपी 41 जी 4130 के साथ अग्निशमन दल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। टीम में अग्निशमन अधिकारी कमलेंद्र कुमार सिंह, लीडिंग फायरमैन धर्मराज सिंह और चालक भानु प्रताप सिंह समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे।

मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि कॉलोनी के आसपास रहने वाले लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। इसके बाद फायर कर्मियों ने अंदर सुलग रही आग को उलट-पुलट कर पूरी तरह बुझाया।

बताया गया कि आग विनोद गौड़ पुत्र पुत्तूलाल गौड़ के प्लॉट नंबर दो स्थित मकान में लगी थी। मकान में गद्दे, सोफा और अन्य फर्नीचर से जुड़ी सामग्री तैयार की जाती थी। आग लगने से वहां रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।