लखनऊ। लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित तेलीबाग इलाके में मंगलवार देर रात झपटमारी की घटना से हड़कंप मच गया। बाल विकास स्कूल के पास सब्जी लेकर घर लौट रहीं महिला को बाइक सवार बदमाश ने निशाना बना लिया। बदमाश महिला के कान से बाली खींचकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, पूनम गुप्ता (55) पत्नी रामावतार गुप्ता रात करीब साढ़े दस बजे बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान हेलमेट लगाए एक युवक बाइक से उनके पास पहुंचा और कान पर झपट्टा मारकर एक बाली खींच ली। घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास लोग जुट गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
सूचना मिलने पर डायल 112 और पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।