ईंधन बचत का संदेश देने साइकिल से कार्यालय पहुंचे एसजीपीजीआई निदेशक

लखनऊ। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एसजीपीजीआई ने नई पहल शुरू की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील के बाद संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर राधा कृष्ण धीमन गुरुवार को साइकिल से अपने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लोगों को ईंधन बचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

 


प्रो. धीमन ने कहा कि संस्थान में कर्मचारियों, डॉक्टरों, छात्रों और स्टाफ को छोटी दूरी के लिए साइकिल और पैदल चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही कारपूलिंग को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि परिसर में वाहनों की संख्या कम हो सके।

उन्होंने बताया कि कैंपस के प्रमुख स्थानों पर 7 से 8 साइकिल स्टैंड बनाए जाएंगे। खासकर 3 से 4 किलोमीटर की दूरी पर रहने वाले कर्मचारियों को मोटर वाहन छोड़कर साइकिल या पैदल आने के लिए जागरूक किया जाएगा।प्रो. धीमन ने कहा कि इस पहल से पेट्रोल-डीजल की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और लोगों की सेहत भी बेहतर रहेगी।