चाय पीने पहुंचे युवक पर हमला, थार सवारों ने पिस्टल तानी, केस दर्ज

लखनऊ । सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित अंसल API में रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब थार सवार युवकों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर अवैध पिस्टल से गोली चला दी। युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पीड़ित अमन सिंह निवासी निलमथा डिप्टीगंज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोज की तरह मिलिनियम पैलेस स्थित JCD Cafe के पास चाय पीने गया था। इसी दौरान थार गाड़ी से आए दो युवक उसके पास पहुंचे और अचानक गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

अमन के मुताबिक, जब उसने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की तो आरोपित मानस मिश्रा ने अवैध पिस्टल निकालकर उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसके बेहद करीब से निकल गई। इसके बाद भी आरोपी उसका पीछा करते रहे और दोबारा गोली मारने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पूरी घटना देखी, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से पिस्टल का खोखा बरामद किया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।