नर्सेस सप्ताह पर PGI में रक्तदान शिविर, कर्मचारियों ने दिखाई भागीदारी

लखनऊ । अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस सप्ताह  के अवसर पर संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों को सहायता उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चीफ नर्सिंग ऑफिसर मंजू सिंह रहीं। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने सभी से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।

शिविर में नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान सुरेन्द्र कटियार ने प्रथम रक्तदाता बनकर शिविर की शुरुआत की, जबकि संजय मित्तल दूसरे डोनर रहे। महेश गुप्ता सहित कई लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर के सफल आयोजन में ब्लड बैंक टीम और नर्सिंग स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

नर्सिंग यूनियन अध्यक्ष लता सचान ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी नर्सिंग अधिकारियों को बधाई दी और संस्थान प्रशासन से रक्तदाताओं को नियमानुसार अवकाश देने का अनुरोध किया। 

इस अवसर पर कमलेश वर्मा, इन्दु यादव, शालिनी, अनीता वाल्टर, संगीता सक्सेना, निर्मला समेत कई वार्डों की इंचार्ज मौजूद रहीं।