लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के अमेठियन का पुरवा गांव में शनिवार देर शाम एक युवक ने पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं बेटे की मौत से पिता बेसुध हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अशोक कुमार सिंह के 28 वर्षीय बेटे प्रशान्त कुमार सिंह का विवाह अप्रैल 2018 में बलरामपुर जिले के गैड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के दुधरा गांव निवासी राजकरन सिंह की पुत्री ममता सिंह उर्फ रुचि सिंह के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे हार्दिक (7) और यश (4) हैं।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रशान्त की पत्नी ममता सिंह घर में आए दिन विवाद करती थी, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। कई बार रिश्तेदारों ने समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ दिन शांत रहने के बाद फिर विवाद शुरू हो जाता था।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व ममता की मां श्याम कुमारी और उसकी बहनें रुबी सिंह व बब्बी सिंह भी घर आकर हंगामा कर चुकी थीं। इसके बाद से घर का माहौल और बिगड़ गया था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को भी दिनभर विवाद चलता रहा और शाम को एक बार फिर पत्नी द्वारा दुत्कारे जाने से आहत होकर प्रशान्त ने कमरे में छत के पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी होने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोसाईंगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता अशोक कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि पत्नी ममता सिंह, उसकी बहनें रुबी व बब्बी सिंह और सास श्याम कुमारी की प्रताड़ना के कारण ही उनके बेटे ने यह कदम उठाया। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले में मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता अशोक कुमार सिंह बेसुध हो गए। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन और ग्रामीण उन्हें संभालते रहे। बार-बार बेटे को याद कर वह बिलख उठते, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।