पंजाब नेशनल बैंक के 132वें स्थापना दिवस पर लखनऊ में बृहद रक्तदान शिविर, 60 लोगों ने किया रक्तदान

लखनऊ संवाददाता। पंजाब नेशनल बैंक के 132वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंडलीय कार्यालय, विभूति खंड, गोमती नगर, लखनऊ की ओर से सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर लोक बंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ के ब्लड बैंक विभाग के सहयोग से मंडल कार्यालय के सभागार में संपन्न हुआ।

शिविर का शुभारंभ अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने किया। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मंडलीय प्रबंधक सुजीत कुमार नेगी ने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित, सरल और जीवनदायी प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

शिविर में पंजाब नेशनल बैंक के विभिन्न कार्यालयों से आए अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व, प्रक्रिया और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उप मंडल प्रमुख सुनील कुमार, जे.पी. अग्रवाल, राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर में कुल 75 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से लगभग 60 रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।अंत में सभी रक्तदाताओं को अल्पाहार प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया गया।