सैदापुर में भक्ति का उत्सव: ब्रह्मदेव बाबा देव स्थल पर संकीर्तन और विशाल भंडारा संपन्न

लखनऊ। निगोहां क्षेत्र के सैदापुर गांव स्थित प्राचीन ब्रह्मदेव बाबा देव स्थल पर शनिवार को संकीर्तन व विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने ब्रह्मदेव बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

 

कार्यक्रम के आयोजक विनीत मिश्रा ने बताया कि ब्रह्मदेव बाबा देव स्थल पर पिछले दस वर्षों से निरंतर संकीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

शनिवार सुबह करीब नौ बजे सुंदरकांड पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पाठ के समापन के बाद कन्याओं को भोजन कराया गया। इसके पश्चात सुबह 11 बजे से विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें बूंदी, पूड़ी-सब्जी और  छोला-चावल का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।

इस अवसर पर मोहनलालगंज एसडीएम पवन पटेल, एसीपी विकास पांडेय, थाना प्रभारी नगराम विवेक चौधरी, निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर मोहनलालगंज बृजेश कुमार त्रिपाठी, भाजपा नेता अविचल शुक्ला, भूमि विकास बैंक के  अध्यक्ष अशोक तिवारी, कांग्रेस  नेता शिवम त्रिपाठी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार सिंह, मोहनलालगंज बार एसोसिएशन अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला, महामंत्री राम लखन यादव, छात्र नेता अक्षत मिश्रा, सर्वेश मिश्रा, हिमांशु शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं पत्रकारगण मौजूद रहे।