एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन में श्रद्धा और विचारों के साथ मनाया गया महात्मा गांधी शहादत दिवस

लखनऊ। एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन की सभी शाखाओं में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस को गहन श्रद्धा, सम्मान और वैचारिक चेतना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सत्य, अहिंसा, शांति और नैतिक मूल्यों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए गांधीजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई, जिसके बाद महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। छात्रों और शिक्षकों ने गांधीजी के जीवन दर्शन, उनके नैतिक आचरण, सामाजिक समरसता और आत्मानुशासन से जुड़े विचारों पर अपने विचार साझा किए। पूरे परिसर में देशभक्ति, अनुशासन और नैतिक जागरूकता का विशेष वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक मनीष सिंह ने छात्रों एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य और अहिंसा की शक्ति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज के तेजी से बदलते दौर में विद्यार्थियों को गांधीवादी मूल्यों को केवल पढ़ने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन शैली में भी अपनाना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण होना चाहिए।

शहादत दिवस को और अधिक सार्थक बनाने के लिए अंतर-शाखा अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने गांधी दर्शन, लोकतांत्रिक मूल्य, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और संप्रेषण कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की वैचारिक परिपक्वता और स्वस्थ संवाद की सराहना की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया।

इस आयोजन के माध्यम से एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि समग्र शिक्षा वही है, जिसमें बौद्धिक विकास के साथ-साथ महात्मा गांधी से प्रेरित नैतिक और मानवीय मूल्यों का भी समावेश हो।