आकांक्षी नगर योजना से लखनऊ में डिजिटल हेल्थ सेवाओं को नई रफ्तार, आधुनिक जांच मशीनों का शुभारंभ

लखनऊ। आकांक्षी नगर योजना के तहत लखनऊ में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवी संस्था सम्यक–कलेक्टिव गुड फाउंडेशन के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मोहनलालगंज में डिजिटल सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग और  बच्चों की आंखों की जांच के लिए डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन मशीनों की शुरुआत की गई।

इन अत्याधुनिक मशीनों का उद्घाटन डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए तकनीक आधारित नवाचारों को निरंतर बढ़ावा दे रही है। डिजिटल माध्यम से सर्वाइकल और स्तन कैंसर की समय रहते पहचान संभव होगी, जिससे रोगियों को शीघ्र उपचार मिल सकेगा।

उन्होंने आगे बताया कि डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन तकनीक के माध्यम से बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं का प्रारंभिक स्तर पर ही पता लगाया जा सकेगा। ऐसी पहलें सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन की पहुंच को भी सुदृढ़ करेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने जानकारी दी कि इस पहल से बाल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग कार्यक्रम को भी नई मजबूती मिलेगी। डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन मशीन को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीम को सौंपा जाएगा, जो विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों में 42 प्रकार की जन्मजात बीमारियों की पहचान कर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करती है।

कार्यक्रम में डॉ. संजू अग्रवाल (निदेशक स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश), डॉ. अलका शर्मा (संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य), उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शशिभूषण सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्वयंसेवी संस्था की ओर से रूपेश सिंह, जय राम पाठक, खुशबू पांडे और मांडवी सहित अन्य प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।