लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सोहावां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोहावां निवासी कमलेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते बुधवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने खेत से काम निपटाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे राजकिशोर, श्याम किशोर, सोनू, अनुज, संदीप और रामबाबू ने अपने करीब पांच अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कमलेश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।