अयोध्या राम मंदिर की तीसरी पैदल यात्रा सकुशल संपन्न, यमुनापुरम कॉलोनी में हुआ विशाल भंडारे का आयोजन

लखनऊ। अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की स्मृति में आयोजित की जा रही निरंतर तीसरी पैदल यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ सकुशल संपन्न हुई। यात्रा की पूर्णता के उपरांत यमुनापुरम कॉलोनी, चरण भट्ठा रोड स्थित परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पैदल यात्रा 17 जनवरी को प्रारंभ होकर 22 जनवरी को पूर्ण हुई। रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर यमुनापुरम कॉलोनी से लगभग 100 श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ पैदल यात्रा कर अयोध्या धाम पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में अनुशासन, संयम और भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीराम का स्मरण किया।

यात्रा की सकुशल वापसी पर कॉलोनीवासियों द्वारा श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सभी वर्गों के लोगों ने बिना किसी भेदभाव के सहभागिता निभाई, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश प्रसारित हुआ।

इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को सफल बनाने में कॉलोनीवासियों और समाजसेवियों का सराहनीय योगदान रहा। प्रमुख रूप से राहुल सिंह (शारदा ट्रेडर्स), रामकुमार सिंह, अखंड प्रताप सिंह, राकेश सिंह, दीपू सिंह, अमरनाथ सिंह, समाजसेवी रामू जायसवाल, श्यामू जायसवाल, मंसाराम रावत सहित अनेक श्रद्धालु एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि अयोध्या की यह पैदल यात्रा और उसके उपरांत आयोजित भंडारा अब एक परंपरा का रूप ले चुका है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करता है, बल्कि सेवा, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करता है। भविष्य में इस आयोजन को और अधिक व्यापक स्वरूप देने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पुण्य कार्य में सहभागी बन सकें।