लखनऊ। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर सरोजनीनगर थाने की पुलिस टीम द्वारा शुक्रवार को श्री शनि देव मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
यह अभियान पिंक बूथ–15 टीम के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें महिला हेड कांस्टेबल आराधना देवी और महिला हेड कांस्टेबल देव कुमारी ने क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं और बच्चों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करीब 20 से 30 महिलाओं और बालिकाओं ने सहभागिता की।
पुलिस टीम ने महिलाओं को मिशन शक्ति योजना, महिला सुरक्षा केंद्रों, यौन उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए 1090 (महिला पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
अभियान के दौरान साइबर अपराधों से बचाव पर भी विशेष रूप से जानकारी दी गई। महिलाओं और बच्चों को सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग के लिए जागरूक किया गया तथा पंपलेट भी वितरित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच तुरंत पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 केवल एक योजना नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए एक निरंतर अभियान है।
इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के मन से भय को दूर कर उनमें सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।