लखनऊ। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने कैंप कार्यालय में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और जीवन को सही दिशा देने का मार्ग दिखाते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का पूरा जीवन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना जगाने के लिए समर्पित रहा। उनका प्रसिद्ध संदेश — “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” — आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने बताया कि कम उम्र में ही स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और वेदांत का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया। 1893 में शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में दिए गए उनके संबोधन से भारत को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। उन्होंने मानव सेवा, समानता और आत्मबल को जीवन का आधार बताया।

मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद के विचारों को धरातल पर उतारते हुए युवाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। खेलो इंडिया जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। गांवों में स्टेडियम, ओपन जिम और खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण युवाओं को भी आगे बढ़ने का मौका मिले।
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत प्रदेश में लाखों युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं, जिससे वे डिजिटल शिक्षा और तकनीकी ज्ञान से जुड़ सकें। यह कदम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम साबित हो रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक शिक्षित, सक्षम और आत्मविश्वासी युवा शक्ति तैयार करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दें।